बिहार के मुजफ्फरपुर में एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। देवरिया थाना क्षेत्र में करीब चार साल पुराना एक बहुचर्चित हत्याकांड सामने आया था, लेकिन अब अचानक से इस हत्याकांड में एक नाटकीय मोड़ आ गया है। जिस युवक की निर्मम हत्या की बात कहकर पुलिस फाइलों में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, वह मृतक सोनू कुमार चार साल बाद खुद जिंदा और सकुशल खुद थाने पुलिस के सामने हाजिर हो गया। पुलिस के सामने युवक ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उसने अपने प्रेम-प्रसंग को छिपाने और दुनिया की नजरों से गायब होने के लिए खुद की हत्या की झूठी कहानी गढ़ी थी।
व्हाट्सएप पर आई खून से लथपथ फोटो
घटना की शुरुआत 6 नवंबर 2022 को हुई थी, जब गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र का रहने वाला सोनू कुमार दुकान का सामान खरीदने के लिए ₹50,000 नकद लेकर पटना के लिए निकला था। 9 नवंबर को उसके भाई धीरज प्रसाद श्रीवास्तव ने छोटे भाई के गायब होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। व्हाट्सएप सोनू की खून से लथपथ फोटो आई थी। मामले में मोड़ तब आया जब सोनू के ही मोबाइल से परिजनों को एक व्हाट्सएप ऑडियो और खून से लथपथ सिर की तस्वीर भेजी गई। ऑडियो संदेश में दावा किया गया कि मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने उससे बैग छीन लिया है और उसकी हत्या कर दी है। इसके बाद देवरिया थाने में कांड संख्या 25/23 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
प्रेम प्रसंग में खुद रची हत्या की साजिश
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देशन और एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि सोनू किसी अपराध का शिकार नहीं हुआ था, बल्कि उसने 6 नवंबर 2022 को ही अपनी प्रेमिका से रिश्ता बनाये रखने के लिए ये पूरा प्लान तैयार किया। सोनू ने परिजनों को गुमराह करने के लिए खुद की हत्या का यह झूठा ड्रामा रचा था।
लड़की को लेकर दूसरे राज्य भाग गया था युवक
सोनू 6 नवंबर 2022 को ही अपनी प्रेमिका को साथ लेकर दूसरे राज्य फरार हो गया था। इस मामले में युवती की मां ने भी थावे थाने में पहले से एफआईआर (कांड संख्या 324/22) दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष देवरिया और जांच टीम के लगातार दबिश बनाए रखने के कारण आखिरकार सोनू कुमार को वापस लौटना पड़ा और वह 17 सितंबर 2026 को देवरिया थाने में उपस्थित हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सोनू पर कानून को गुमराह करने और झूठा मामला दर्ज कराने के सिलसिले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने बताया कि 9 नवंबर 2022 को धीरज प्रसाद श्रीवास्तव ने गोपालगंज के थावे थाने में एक आवेदन दिया कि उनके छोटे भाई सोनू दुकान के समान लेने के लिए निकले थे उसके बाद से लापता हैं। शाम में व्हाट्सएप पर एक मैसेज और वॉइस रिकॉर्डिंग आई, जिसमें कुछ लोग पैसा छीनने के लिए मारपीट कर रहे हैं। एक फोटो में सोनू के सिर से खून निकल रहा था। इस मामले में मर्डर का एक केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम का गठन किया गया और पड़ताल की गई। हालांकि कोई सफलता नहीं मिली। ये मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब थावे थाना में ही सोनु कुमार पर प्रेम प्रसंग को लेकर अपहरण का केस दर्ज हुआ। दोनों मामलों को जोड़ते हुए पता चला कि साजिश के तहत सोनू ने ये पूरा सीन क्रिएट किया था। सोनू ने बताया कि प्रेम प्रसंग में उसने खुद हत्या की साजिश रची।








