Home / राज्य / हरियाणा / 217 में से 70 वादे पूरे, हर अग्निवीर को नौकरी का भरोसा; नायब सैनी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

217 में से 70 वादे पूरे, हर अग्निवीर को नौकरी का भरोसा; नायब सैनी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

Spread the love

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘आजतक पंचायत हरियाणा’ के मंच से अपनी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से 70 को पूरा किया जा चुका है और बाकी वादों पर भी तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं, किसानों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा।

हर अग्निवीर को नौकरी देने का दावा

हरियाणा सीएम सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अग्निवीरों को लेकर बड़ा भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा का कोई भी अग्निवीर नौकरी से वंचित नहीं रहेगा और सरकार उनके लिए शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है और योजना तैयार है।

सरकारी भर्तियों का आंकड़ा पेश करते हुए सैनी ने कहा कि पिछले दो महीनों में करीब 16 से 17 हजार युवाओं को पारदर्शी तरीके से नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक कुल 47 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है।

किसानों की हर फसल MSP पर खरीदने का दावा

किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जहां किसानों की पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर खरीदी जा रही है। उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि केंद्र द्वारा गेहूं और धान की खरीद के अलावा पंजाब सरकार अपने स्तर पर कितनी फसलों की MSP पर खरीद करती है।

सैनी ने कहा कि हरियाणा की मंडियों में फसल बेचने के 48 से 72 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान सीधे पहुंच रहा है।

विदेश से निवेश, रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश बढ़ाने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सिंगापुर से करीब 5,500 करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें मेडिकल, शिक्षा और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं। जापान से मिले करीब 5,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 60 फीसदी काम जमीन पर उतरने का दावा भी उन्होंने किया।

नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा

कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सैनी ने कहा कि सरकार ने नशा कारोबारियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। उनके मुताबिक, हार्डकोर ड्रग माफिया से जुड़े हजारों करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है। विदेश भाग चुके करीब 14 कुख्यात अपराधियों को डिपोर्ट कराकर भारत वापस लाए जाने की बात भी उन्होंने कही।

कांग्रेस और AAP पर तीखा हमला

राजनीतिक सवालों पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और पंजाब की AAP सरकार को निशाने पर लिया। अकाली दल के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि भाजपा का वास्तविक गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है।

चुनाव आयोग और EVM को लेकर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए सैनी ने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और कांग्रेस अपनी राजनीतिक नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है।

गुरुग्राम के जलभराव के मुद्दे पर उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार की योजना को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही दावा किया कि मौजूदा सरकार द्वारा किए गए ड्रेनेज सुधारों के बाद भारी बारिश के बावजूद पानी दो से तीन घंटे में निकल जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन के नाम पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि जिस दिन विपक्ष चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा था, उसी दिन हरियाणा में नशामुक्ति के संदेश के साथ करीब एक लाख युवाओं ने मैराथन में हिस्सा लिया।

Tagged: