Home / राज्य / विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार तमिलनाडु पहुंचे PM मोदी, विजय के साथ मेट्रो में सफर कर किया फेज-2 का उद्घाटन

विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार तमिलनाडु पहुंचे PM मोदी, विजय के साथ मेट्रो में सफर कर किया फेज-2 का उद्घाटन

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चेन्नई दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने चेन्नई मेट्रो के फेज-2 प्रोजेक्ट के तहत पूनमल्ली से वडापालानी तक 14.6 किलोमीटर लंबे रूट का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने मेट्रो ट्रेन में सफर भी किया। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय उनके साथ मौजूद रहे। मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने QR कोड स्कैन कर टिकट लिया। इसके बाद उन्होंने टिकट पंच किया और प्लेटफॉर्म पर पहुंचे। ट्रेन में सफर के दौरान प्रधानमंत्री ने मेट्रो कर्मचारियों से परियोजना और उससे जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली। इस नए रूट से चेन्नई में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विधानसभा चुनाव के बाद पहला चेन्नई दौरा

2026 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पहला चेन्नई दौरा है। उनके आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कई प्रमुख इलाकों में ड्रोन उड़ाने पर रोक लगाई गई है। ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने मीनंबक्कम, गिंडी, कोट्टूरपुरम, पोरुर और नंदंबक्कम सहित आसपास के क्षेत्रों को रेड जोन घोषित किया है। इन इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

सुरक्षा में तैनात किए गए 15 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए चेन्नई में पांच स्तर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है। चेन्नई एयरपोर्ट, पोरुर बाईपास मेट्रो स्टेशन, आईआईटी मद्रास, चेन्नई ट्रेड सेंटर और गिंडी स्थित राजभवन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया है। साथ ही, शहर के अलग-अलग हिस्सों में जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।

वेल्लोर कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन का भी होगा उद्घाटन

चेन्नई दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वेल्लोर कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। ब्रिटिश दौर के इस स्टेशन का जीर्णोद्धार किया गया है। यह स्टेशन वेल्लोर शहर में 16वीं सदी के किले के पास स्थित है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री चेन्नई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा तमिलनाडु में दक्षिण रेलवे के कई पूरे हो चुके कार्यों का भी उद्घाटन किया जाएगा। वेल्लोर कैंटोनमेंट स्टेशन तिरुवन्नामलाई और तिरुपति जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच स्थित है। स्टेशन के नवीनीकरण के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

Tagged: