Home / राज्य / अन्य खबरें / जालंधर में वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में हरियाणा CM नायब सैनी होंगे मुख्य अतिथि

जालंधर में वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में हरियाणा CM नायब सैनी होंगे मुख्य अतिथि

Spread the love

पंजाब के जालंधर में भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 26 अक्टूबर को मनाई जाने वाली वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में पंजाब में पहले से ही विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को जालंधर से अमृतसर स्थित श्री रामतीर्थ तक विशाल तीर्थयात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के मुताबिक, इस यात्रा में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी श्रद्धालुओं की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और वाल्मीकि समुदाय के लोगों को संबोधित भी करेंगे।

1 हजार बसों में पहुंचेंगे 50 हजार श्रद्धालु

भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी के प्रधान विपन सभ्रवाल के अनुसार, जालंधर के शांति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम में 15 अक्टूबर से उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे आश्रम पहुंचकर माथा टेकेंगे। इसके बाद वह पैदल मार्च में शामिल होंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से करीब 1 हजार बसों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों का अनुमान है कि इन बसों के जरिए लगभग 50 हजार श्रद्धालु तीर्थयात्रा में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों करेंगे।

वाल्मीकि समुदाय के बीच सामाजिक संवाद

पंजाब में अनुसूचित जाति समुदाय की आबादी लगभग 32 प्रतिशत बताई जाती है, जिसमें वाल्मीकि समुदाय की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। ऐसे में वाल्मीकि जयंती का आयोजन राज्य में धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अहम माना जाता है। आयोजकों के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस दौरान समुदाय के लोगों से संवाद करेंगे और भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं से जुड़ा संदेश देंगे। इस बड़े आयोजन में उनकी मौजूदगी को सामाजिक और राजनीतिक नजरिए से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

समानता और सामाजिक समरसता का संदेश

आयोजकों ने बताया कि तीर्थयात्रा का उद्देश्य भगवान वाल्मीकि के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ उनकी शिक्षाओं, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। श्री रामतीर्थ पहुंचकर श्रद्धालु भगवान वाल्मीकि के पवित्र स्थल पर नमन करेंगे। हरियाणा और पंजाब के नेताओं की भागीदारी से यह आयोजन दोनों राज्यों के बीच सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का अवसर भी बनेगा। कमेटी ने श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।