Home / राज्य / गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक निकली CM योगी की भव्य विजयादशमी शोभायात्रा, रास्ते भर जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत

गोरखनाथ मंदिर से रामलीला मैदान तक निकली CM योगी की भव्य विजयादशमी शोभायात्रा, रास्ते भर जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत

Spread the love

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में विजयादशमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारंपरिक शोभायात्रा निकाली गई। मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। शोभायात्रा में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव की झलक भी देखने को मिली।

गोरखनाथ मंदिर में पूजा के बाद निकली शोभायात्रा

विजयादशमी के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ की पूजा कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह महंत की पारंपरिक वेशभूषा में फूलों से सजे रथ पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों, तुरही, नागफनी और डमरू की गूंज के बीच यात्रा आगे बढ़ी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए रास्ते के दोनों ओर मौजूद रहे।

मुस्लिम और बुनकर समाज ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

शोभायात्रा के दौरान मुस्लिम और बुनकर समाज के लोगों ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी कैफुलवरा ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने उनका अभिवादन स्वीकार किया और नवरात्र के अनुष्ठान का प्रसाद दिया। चौधरी कैफुलवरा के मुताबिक, उनका परिवार कई पीढ़ियों से गोरक्षपीठाधीश्वर की विजयादशमी शोभायात्रा का स्वागत करता आ रहा है। इसके अलावा बुनकर वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने भी पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। श्री झूलेलाल मंदिर के पास सिंधी समाज के लोगों ने भी फूल बरसाकर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। पूरे रास्ते जय श्रीराम के जयघोष सुनाई देते रहे। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम भी किए गए थे।

रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम का किया राजतिलक

शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंची तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने रामलीला मैदान के बाहर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रामलीला मैदान पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यहां चल रही रामलीला के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम का राजतिलक किया। इसके बाद प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमानजी की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। इसी के साथ गोरक्षपीठ की विजयादशमी से जुड़ी पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां संपन्न हुईं।

Tagged: