बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके चलते आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बचाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह यनम के पास बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। राज्य के 16 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। विशाखापत्तनम में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि श्रीकाकुलम, विजयनगरम और अनकापल्ली में भी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है।
ओडिशा में बारिश, स्कूल और नावों का संचालन बंद
चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा के खुर्दा जिले के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए पर्यटकों के लिए नावों का संचालन तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। स्कूलों को भी बंद रखने का फैसला लिया गया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मंगलवार तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
28 अक्टूबर को इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। विदर्भ में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं बिहार, झारखंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और कर्नाटक में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर को भी बिगड़ा रहेगा मौसम
29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, कर्नाटक, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में बारिश का यलो अलर्ट है।
उत्तराखंड में 28 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
उत्तराखंड के सभी जिलों में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 28 अक्टूबर से मौसम बदल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होने का अनुमान है। वहीं, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।









