Home / देश-विदेश / राशिद खान का ऐतिहासिक धमाका! T20I में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने

राशिद खान का ऐतिहासिक धमाका! T20I में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने

Spread the love

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में जीत के साथ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। शारजाह में खेले गए इस मैच में लेग स्पिनर राशिद खान ने टी-20 इंटरनेशनल में 200 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। वहीं, अजमतुल्लाह उमरजई ने 44 गेंदों में शतक जड़कर मुकाबले को यादगार बना दिया। अफगानिस्तान ने यह मैच 19 रन से जीतकर तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 1 नवंबर को खेला जाएगा।

राशिद खान के नाम ऐतिहासिक उपलब्धि

राशिद खान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज तादिवनाशे मरुमानी को LBW आउट किया। यह उनका टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200वां विकेट था। राशिद ने 120 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की। इस रिकॉर्ड के साथ वह मेंस टी-20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले भी राशिद कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। वह 53 पारियों में 100 टी-20 इंटरनेशनल विकेट पूरे करने वाले सबसे तेज गेंदबाज हैं। इसके अलावा उनके नाम इस फॉर्मेट में LBW से 52 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।

उमरजई ने 44 गेंदों में ठोका शतक

मुकाबले में अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती चार विकेट 20 रन से पहले ही गंवा दिए थे। इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई और इजाज अहमद अहमदजई ने पारी को संभाला और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। उमरजई ने 50 गेंदों में 116 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। उन्होंने महज 44 गेंदों में अपना पहला टी-20 इंटरनेशनल शतक पूरा किया। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 232 का रहा। दोनों बल्लेबाजों के बीच 142 रन की साझेदारी हुई। यह टी-20 इंटरनेशनल में छठे या उससे निचले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।

40 साल की उम्र में शतक, बना एक और रिकॉर्ड

इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के कप्तान सीन विलियम्स ने भी खास उपलब्धि हासिल की। 40 साल 188 दिन की उम्र में शतक लगाकर वह मेंस टी-20 इंटरनेशनल में शतक बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। वहीं, अफगानिस्तान की पारी के आखिरी ओवर में राशिद खान ने भी बल्ले से योगदान दिया। उन्होंने कुंदई मतिगीमु के ओवर में लगातार चार छक्के लगाए और सिर्फ 6 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए। इसकी मदद से अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए।

जिम्बाब्वे 19 रन से हारा

222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने मुकाबले में संघर्ष किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए। इस तरह अफगानिस्तान ने 19 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली और सीरीज भी अपने नाम कर ली। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा।