Home / हिमाचल / ‘हिमकेयर योजना में महिलाओं के अंडकोष के ऑपरेशन हुए’, CM सुक्खू का दावा; जयराम ठाकुर के खिलाफ लाएंगे अवमानना प्रस्ताव

‘हिमकेयर योजना में महिलाओं के अंडकोष के ऑपरेशन हुए’, CM सुक्खू का दावा; जयराम ठाकुर के खिलाफ लाएंगे अवमानना प्रस्ताव

Spread the love

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को हिमकेयर स्वास्थ्य योजना को लेकर जमकर बहस हुई। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने योजना में कथित गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए ऐसा दावा किया, जिसने सदन में सभी को चौंका दिया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन के साथ-साथ महिलाओं के अंडकोष (टेस्टिकल) के ऑपरेशन के मामले भी सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले की जांच करा रही है और जल्द ही इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।

विपक्ष ने सदन में मांगे तथ्य

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद विपक्षी सदस्यों ने सवाल उठाए और इन मामलों से जुड़े तथ्य सदन में पेश करने की मांग की। सुक्खू ने कहा कि हिमकेयर योजना में अनियमितताओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार योजना का मुद्दा उठा रहा है, लेकिन उसे भी तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए।

हिमाचल फॉर सेल के नारे पर पलटवार

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के हिमाचल फॉर सेल के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को हिमाचल फॉर अवेल का नारा देना चाहिए। उन्होंने किशाऊ, बीबीएमबी और जेएसडब्ल्यू सहित विभिन्न मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के हितों की लड़ाई लड़ रही है।

हिम चंडीगढ़ के लिए 8 हजार बीघा जमीन का जिक्र

सुक्खू ने कहा कि मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए नाममात्र कीमत पर जमीन देना हिमाचल फॉर सेल जैसा कदम था। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिम चंडीगढ़ परियोजना के लिए जमीन बेची नहीं गई है, बल्कि 8 हजार बीघा जमीन आवास विभाग के नाम की गई है।

नई उद्योग नीति और अवमानना प्रस्ताव का ऐलान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल्द नई उद्योग नीति लाई जाएगी, जिससे राज्य को जीएसटी के रूप में अधिक राजस्व मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के खिलाफ जल्द अवमानना प्रस्ताव लाने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई कर रही है, जबकि भाजपा के विधायक अपने एक सदस्य को बचाने के लिए विजिलेंस कार्यालय पहुंचे थे।