Home / राज्य / हरियाणा / CM नायब सिंह सैनी ने लॉन्च किया स्वामित्व पोर्टल, लाल डोरा की 25 लाख संपत्तियों के मालिकों को मिलेगा लाभ

CM नायब सिंह सैनी ने लॉन्च किया स्वामित्व पोर्टल, लाल डोरा की 25 लाख संपत्तियों के मालिकों को मिलेगा लाभ

Spread the love

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार, 18 नवंबर को ग्रामीण क्षेत्रों में लाल डोरा की संपत्तियों से जुड़े मालिकाना हक के विवादों और शिकायतों के समाधान के लिए स्वामित्व पोर्टल लॉन्च किया। इस पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण निवासी घर बैठे अपनी संपत्ति का रिकॉर्ड देख सकेंगे और उसमें किसी भी तरह की गलती होने पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

90 दिनों तक दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लाल डोरा क्षेत्रों की लगभग 25 लाख संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड को लेकर यह पहल की गई है। पहले इन क्षेत्रों में रहने वाले कई लोगों के पास अपनी संपत्तियों के औपचारिक मालिकाना दस्तावेज नहीं थे। इसके कारण संपत्ति की खरीद-बिक्री और बैंक से लोन लेने में परेशानियां आती थीं।

नए पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को संपत्ति के रिकॉर्ड, नक्शे और मालिकाना जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। इसके अलावा गलत जानकारी होने पर लोग 90 दिनों के भीतर अपनी आपत्तियां और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।

घर बैठे सुधार सकेंगे संपत्ति का रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री के अनुसार, यदि किसी संपत्ति का क्षेत्रफल गलत दर्ज है, मालिक का नाम गलत है, संपत्ति की श्रेणी में गलती है या किसी व्यक्ति का नाम रिकॉर्ड से छूट गया है, तो पोर्टल के माध्यम से शिकायत की जा सकती है।

इसके लिए नागरिकों को अपना जिला और गांव चुनकर मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन करना होगा। इसके बाद संबंधित संपत्ति का विवरण देखा जा सकेगा।

90 दिन बाद जारी होंगे मालिकाना प्रमाणपत्र

नायब सिंह सैनी ने बताया कि निर्धारित 90 दिनों की अवधि पूरी होने के बाद जांच और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया के आधार पर पात्र संपत्ति मालिकों के स्वामित्व प्रमाणपत्र तैयार किए जाएंगे।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को संपत्ति के कानूनी अधिकार उपलब्ध कराना और राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को आसान बनाना है।