By: Varsha Chamoli
Published: November 01, 2025

GSST/ डेस्क: इंग्लैंड के वूस्टर शहर में हुए एक दर्दनाक और सनसनीखेज हमले में 30 वर्षीय भारतीय छात्र की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मृतक की पहचान हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव जगंरबास निवासी विजय कुमार श्योराण के रूप में हुई है, हालांकि यूके पुलिस ने अभी औपचारिक पहचान जारी नहीं की है।
घटना कैसे हुई?
बीते मंगलवार, 25 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे, वूस्टर के बारबॉर्न रोड पर पुलिस को एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।
पुलिस ने बताया कि युवक पर चाकू से हमला किया गया था। उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन गहरी चोटों के कारण उसी दिन उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की जांच कर रही वेस्ट मरसिया पुलिस ने बताया कि:
पांच लोगों को हत्या के शक में गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में पूछताछ के लिए बेल पर रिहा किया गया है।
छठे आरोपी को सबूतों के अभाव में रिहा कर दिया गया, और उस पर आगे कोई कार्रवाई नहीं होगी।
जांच का नेतृत्व कर रहे डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर ली होलहाउस ने कहा कि उनकी टीम पिछले कई दिनों से लगातार सबूत जुटा रही है।
उन्होंने बताया कि सप्ताहांत में भी पुलिस टीमें मौके पर मौजूद रहेंगी और स्थानीय लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
होलहाउस ने लोगों से अपील की,
“यदि किसी के पास ज़रा-सी भी जानकारी है, चाहे वह कितनी ही मामूली क्यों न लगे, कृपया पुलिस से संपर्क करें। वह किसी महत्वपूर्ण सुराग में बदल सकती है।”
हरियाणा के चरखी दादरी से विधायक सुनील सत्त्वपाल सांगवान ने सोशल मीडिया पर विजय की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि, यह परिवार के लिए “असहनीय दुख का समय” है।
भारत सरकार से अनुरोध है कि विजय के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए।
साथ ही उन्होंने मांग की कि मामले की पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो, ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।
इस घटना ने भारतीय समुदाय के साथ-साथ स्थानीय ब्रिटिश समाज को भी झकझोर दिया है। वूस्टर में रह रहे भारतीय छात्रों में भय और चिंता का माहौल है, जबकि परिवार भारत में अपने बेटे की अचानक हुई मौत से सदमे में है।






