Varsha Chamoli

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर 2025: दिल्ली में छठ पूजा का महापर्व इस बार अभूतपूर्व भव्यता और आस्था के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगोलपुरी, सोनिया विहार और वासुदेव घाट पर श्रद्धालुओं के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की और दिल्लीवासियों के लिए सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व आस्था, स्वच्छता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है, जो मनुष्य और प्रकृति के बीच दिव्य संतुलन को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने मंगोलपुरी के छठ पार्क से कार्यक्रम की शुरुआत की, फिर सोनिया विहार पुश्ता और वासुदेव घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। वासुदेव घाट पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पारंपरिक लोकगीत और नृत्य ने समां बांधा। दिल्ली सरकार ने पल्ला से कालिंदी कुंज तक 17 मॉडल छठ घाटों पर टेंट, लाइट, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम किया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गरिमामय अनुभव मिले।


इस अवसर पर सांसद योगेंद्र चंदोलिया, मनोज तिवारी, विधायक राजकुमार चौहान, विकास व पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा, “छठ पर्व दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं को सशक्त करता है।”






