71वें राष्ट्रीय अधिवेशन (देहरादून) में दोनों पदाधिकारी संभालेंगे कार्यभार
दिल्ली/ डेस्क, 12 नवम्बर 2025 –

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय स्तर पर नए पदाधिकारियों का निर्वाचन सम्पन्न हो गया है। मुंबई स्थित अभाविप के केंद्रीय कार्यालय में हुई निर्वाचन प्रक्रिया में प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी (रीवा) को राष्ट्रीय अध्यक्ष और डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी (इंदौर) को राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में पुनः निर्वाचित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के चुनाव अधिकारी, अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद के विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. (डॉ.) मासाड़ी बापूराव ने परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि नव-निर्वाचित दोनों पदाधिकारी देहरादून में 28 से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाले अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
आपको बता दे की प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी, समर्पित शिक्षक एवं संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता है
रीवा, मध्यप्रदेश निवासी प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी ने अपनी शिक्षा जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से कृषिविज्ञान विषय में पीएचडी तक पूर्ण की है। वर्तमान में वे रीवा परिसर, जे.एन.के.वी.वी. जबलपुर में कृषिविज्ञान विभाग के आचार्य (प्रोफेसर) के पद पर कार्यरत हैं।
साल 1987 से अभाविप के सक्रिय कार्यकर्ता रहे डॉ. तिवारी ने छात्र राजनीति से लेकर प्रांतीय एवं राष्ट्रीय स्तर तक संगठन के विभिन्न दायित्व निभाए हैं।
उन्होंने कृषि महाविद्यालय, रीवा के छात्रसंघ अध्यक्ष, महाकौशल प्रांत मंत्री, महाकौशल प्रांत अध्यक्ष, और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (2006-09) के रूप में कार्य किया है।
शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार (2014) तथा नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय ने विशिष्ट वैज्ञानिक पुरस्कार (2016) से सम्मानित किया है।
उनके निर्देशन में 125 से अधिक शोध पत्र, 3 पुस्तकें, और 50 से अधिक लघु शोध प्रबंध प्रकाशित हो चुके हैं। हाल ही में उन्होंने फिलीपींस स्थित अंतर्राष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (IRRI) में आयोजित संयुक्त अनुसंधान परियोजना (2025) में विश्वविद्यालय का नेतृत्व किया।
मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन समिति के सदस्य के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इंदौर निवासी डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने श्री अरबिंदो इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SAIMS), इंदौर से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की है और वर्तमान में वहीं एमडी (सामुदायिक चिकित्सा) में अध्ययनरत हैं।
वे 2014 से अभाविप के संपर्क में हैं और एलोपैथी विद्यार्थी कार्य — मेडिविज़न के माध्यम से देशभर में चिकित्सा शिक्षा के विद्यार्थियों के बीच नेतृत्व कर चुके हैं।
डॉ. सोलंकी ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में परीक्षाओं में अव्यवस्था एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ सफल आंदोलन का नेतृत्व किया था।
उन्होंने मध्य प्रदेश के निजी मेडिकल कॉलेजों में बढ़ी हुई फीस की वापसी, और 2018 में बंद हुए एक निजी मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए भी उल्लेखनीय संघर्ष किया।
समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनका परिवार सक्रिय है — वे अपने चिकित्सालय के माध्यम से वंचित वर्गों को कम शुल्क पर चिकित्सा परामर्श एवं औषधि सेवा प्रदान करते हैं।
संगठन में उन्होंने महाविद्यालय अध्यक्ष, इंदौर महानगर मंत्री, प्रांत मेडिविजन प्रमुख, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य, राष्ट्रीय मंत्री और राष्ट्रीय महामंत्री जैसे कई दायित्वों का निर्वहन किया है।
वर्ष 2025-26 के लिए वे पुनः राष्ट्रीय महामंत्री चुने गए हैं।
देहरादून में होगा कार्यभार ग्रहण
दोनों नव-निर्वाचित पदाधिकारी देहरादून में 28 से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाले 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में अपने दायित्व का औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगे।
