Home / POLITICAL NEWS / एनडीए का ‘संकल्प पत्र 2025’: एक करोड़ नौकरियां, लखपति दीदी और औद्योगिक बिहार का वादा

एनडीए का ‘संकल्प पत्र 2025’: एक करोड़ नौकरियां, लखपति दीदी और औद्योगिक बिहार का वादा

Spread the love

पटना। बिहार विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। महागठबंधन के बाद अब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने भी शुक्रवार को पटना के एक बड़े होटल में अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया। ‘संकल्प पत्र 2025’ के नाम से जारी इस दस्तावेज़ को एनडीए नेताओं ने “विकसित बिहार का ब्लूप्रिंट” बताया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और धर्मेंद्र प्रधान सहित कई वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद रहे।

घोषणापत्र जारी होने के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “बिहार की जनता अब विकास चाहती है, और एनडीए सरकार ने हमेशा विकास की राजनीति की है।” उन्होंने दावा किया कि सरकार बनने पर राज्य में एक करोड़ से अधिक नौकरियां और रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।

महिलाओं पर खास फोकस: लखपति दीदी से लेकर ‘मिशन करोड़पति’ तक

एनडीए के संकल्प पत्र में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है।
• महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि देने की योजना होगी।
• 1 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनेंगी।
• ‘मिशन करोड़पति’ के तहत महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।

किसानों के लिए बड़ी राहत: अब हर साल ₹9,000 की सहायता

किसान सम्मान निधि योजना के तहत जहां केंद्र सरकार ₹6,000 देती है, वहीं एनडीए ने घोषणा की है कि बिहार सरकार किसानों को अतिरिक्त ₹3,000 देगी। यानी किसानों को अब हर साल ₹9,000 की सहायता राशि मिलेगी। इस योजना को ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान योजना’ नाम दिया गया है।
साथ ही, सभी फसलों के लिए एमएसपी की गारंटी, मत्स्य पालकों को ₹9,000 की मदद, और कृषि क्षेत्र में ₹9 लाख करोड़ के निवेश का वादा भी किया गया है।

शिक्षा और युवाओं के लिए नई योजनाएं

एनडीए के अनुसार, हर जिले में मेगा स्किल सेंटर खोले जाएंगे, ताकि युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिल सके।
• गरीब परिवारों के बच्चों को नर्सरी से पीजी तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी।
• स्कूलों में मिड-डे मील के साथ पौष्टिक नाश्ता देने का वादा किया गया है।
• एससी और एसटी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए हर अनुमंडल में आवासीय विद्यालय स्थापित होंगे।
• उच्च शिक्षा में अध्ययनरत एससी वर्ग के छात्रों को ₹2,000 प्रतिमाह सहायता दी जाएगी।

बुनियादी ढांचा और उद्योग: औद्योगिक बिहार की दिशा में बड़ा कदम

एनडीए के संकल्प पत्र में राज्य को औद्योगिक हब बनाने का खाका पेश किया गया है।
• हर जिले में फैक्ट्री और 10 नए औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे।
• 100 MSME पार्क और 50,000 से अधिक कुटीर उद्योग स्थापित होंगे।
• डिफेंस कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क जैसे हाई-टेक प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे।
• 7 एक्सप्रेसवे, 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण, और हर जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की घोषणा की गई है।
• पटना, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे और चार नए शहरों में मेट्रो परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।

गरीब और पिछड़े वर्गों के लिए विशेष योजनाएं


• ईबीसी वर्गों को ₹10 लाख तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
• एससी-एसटी छात्रों के लिए हर अनुमंडल में रेजिडेंशियल स्कूल बनेंगे।
• सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज की अध्यक्षता में अतिपिछड़ा आयोग गठित किया जाएगा।
• 50 लाख नए पक्के मकान, मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाएं जारी रहेंगी।

बाढ़ मुक्त बिहार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा

एनडीए ने वादा किया है कि अगले पांच वर्षों में बिहार को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए फ्लड मैनेजमेंट बोर्ड का गठन किया जाएगा और ‘फ्लड टू फॉर्च्यून मॉडल’ लागू किया जाएगा।
साथ ही, मां जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी ‘सीतापुरम’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get 30% off your first purchase

X