उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सेवानिवृत्त मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का 91 वर्ष की आयु में देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे उत्तराखंड सहित राष्ट्रीय राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई।
राज्य सरकार ने उनके सम्मान में उत्तराखंड में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस अवधि में सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी राजकीय उत्सव या कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
पौड़ी जिला मुख्यालय सहित पूरे जनपद में शोक की गहरी छाया देखी गई। कलेक्ट्रेट समेत सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया।
प्रशासनिक और आमजन स्तर पर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी जा रही है।भुवन चंद्र खंडूरी भारतीय सेना में मेजर जनरल के पद से लेकर देश सेवा में सक्रिय रहे।
उन्होंने 2007 से 2009 तथा 2011 से 2012 तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। इसके अलावा, वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री भी रहे।अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने ईमानदारी, अनुशासन और सादगी की मिसाल कायम की, जिसके लिए उन्हें एक सख्त और ईमानदार प्रशासक के रूप में याद किया जाता है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि प्रदेश और देश की राजनीति का एक ईमानदार बेहतर जानकार नेतृत्व हमने खाया है। आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्श पर चलकर सीख लेंगी। वहीं विधायक राजकुमार पोरी ने पूर्व सीएम खंडूड़ी के निधन को देश की राजनीति के के लिए अपूर्णीय छति बताया।










