ऋषिकेश : नीलकंठ महादेव मंदिर और चारधाम यात्रा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है।
श्रद्धालुओं के सुरक्षित दर्शन, निर्बाध आवागमन और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए इस बार आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। चारधाम यात्रा मार्ग पर बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
श्रीनगर और नीलकंठ सहित प्रमुख मार्गों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।
ड्रोन से मिलने वाली लाइव तस्वीरों और सूचनाओं के आधार पर यातायात की स्थिति का लगातार आकलन किया जा रहा है।
इसके बाद नियंत्रण कक्ष से सीधे धरातल पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश भेजे जा रहे हैं, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति पैदा न हो।









