Home / राज्य / नौतपा से पहले ही आग उगल रहा आसमा, बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर, कई राज्यों में रेड अलर्ट

नौतपा से पहले ही आग उगल रहा आसमा, बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर, कई राज्यों में रेड अलर्ट

Spread the love

बांदा में नौतपा शुरू होने से चार दिन पहले ही तापमान 48°C तक पहुंच गया। इसी के साथ बांदा 20 मई को दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर बन गया। इससे ज्यादा तापमान केवल असवान में 49.4°C और अराफात में 48.4°C रिकॉर्ड किया गया। देशभर में भीषण गर्मी का असर दिख रहा है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के 16 शहरों में तापमान 46°C से ऊपर दर्ज किया गया।

खजुराहो भी रिकॉर्ड गर्मी की चपेट में

खजुराहो 47.4°C के साथ दुनिया का चौथा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के मुताबिक मई महीने में खजुराहो में इससे पहले इतनी गर्मी कभी दर्ज नहीं की गई थी। महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1°C, नागपुर में 46.6°C और हरियाणा के रोहतक में 46.9°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।

क्यों तप रहा है बांदा?

बांदा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बांदा के अत्यधिक गर्म होने की बड़ी वजह इसका कर्क रेखा के करीब होना है। इसके अलावा साफ आसमान, सूखी मिट्टी, कम नमी, जंगलों की कटाई और पठारी इलाका भी तापमान बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

मानसून की रफ्तार थमी

मौसम विभाग के अनुसार मानसून फिलहाल अंडमान-निकोबार और कोलंबो के आसपास अटका हुआ है। अगले कुछ दिनों तक उत्तर और मध्य भारत में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। असम, मेघालय, केरलम और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

डॉक्टरों की सलाह

  • प्यास न लगे तब भी पानी पिएं
  • दिनभर में कम से कम 4 लीटर पानी पिएं
  • हल्के और ढीले कपड़े पहनें
  • बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग विशेष सावधानी रखें
  • दोपहर में भारी शारीरिक काम से बचें

कई राज्यों में हीटवेव का रेड अलर्ट

22 और 23 मई को दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और पंजाब समेत कई राज्यों में हीटवेव का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मई के आखिरी सप्ताह में गर्मी और ज्यादा तेज हो सकती है।

Tagged: