Weather Update Today: उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और हरियाणा के अलावा उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में इस समय झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है.
राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और हरियाणा तक उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में इस समय आसमान से आग बरस रही है. इसी बीच आज (27 अप्रैल) से भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार (27 अप्रैल) को लू वाली हवाएं चलेंगी. हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है.
उत्तर प्रदेश का मौसम (UP Weather Update)उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने आज सोमवार तक गर्मी रहने की चेतावनी जारी की है. मंगलवार (28 अप्रैल) से बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने एवं गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गाज़ीपुर, आज़मगढ़, मऊ और बलिया के अलावा लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, झांसी और आस-पास के इलाकों में आज लू की स्थिति रहने की उम्मीद है. 28 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव की उम्मीद है.
बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, भागलपुर, आका, मुंगेर, जमुई, गया में मौसम विभाग ने 27-28 अप्रैल को बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान 55 किमी प्रति घंटे की स्पीड से तेज आंधी चल सकती है.
हरियाणा के भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत और सोनीपत में मौसम विभाग ने बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की है. इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. इस बारिश से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी.









