बिहार के गयाजी में दरोगा के बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान घायल कर दिया। शुक्रवार देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिच्छी गांव में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की पहचान श्याम बिहारी और गौरव उर्फ कला के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो भाइयों पर की थी फायरिंग, एक की जान गई
यह मामला 19 अक्टूबर की रात का है, जब दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के बेटों पर फायरिंग की गई थी। इस घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौके पर ही जान चली गई, जबकि बड़ा बेटा मोनू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। मोनू का इलाज पटना के एक अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी मामले में घायल आरोपी श्याम बिहारी के पिता नरेंद्र सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। नरेंद्र सिंह रिटायर्ड दरोगा हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।









