लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो गया है। बिहार समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में छठ पूजा को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करेंगे। पर्व के पहले दिन पटना, बेगूसराय समेत कई शहरों के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई।
कद्दू-भात के प्रसाद के साथ शुरू हुआ अनुष्ठान
छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती स्नान के बाद पूरी शुद्धता और नियमों का पालन करते हुए भोजन तैयार करते हैं। प्रसाद में अरवा चावल, चना दाल और कद्दू की सब्जी प्रमुख रूप से बनाई जाती है। इसके अलावा आंवले की चाशनी और पकौड़ी जैसे व्यंजन भी तैयार किए जाते हैं। भोजन बनाने से लेकर प्रसाद ग्रहण करने तक साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है।
नितिन नवीन ने गंगा में लगाई डुबकी
छठ महापर्व की शुरुआत पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन सुबह पटना के दीघा घाट पहुंचे। यहां उन्होंने गंगा में स्नान किया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिहारवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। पर्व को लेकर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है और पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं।
समस्तीपुर में 100 रुपए में बिक रहा एक ईंख
छठ पूजा को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। फल, सब्जियों और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। समस्तीपुर में एक ईंख की कीमत 100 रुपए बताई जा रही है। विक्रेता के मुताबिक, ईंख रांची से मंगवाया गया है।
सूर्यकुंड पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
गयाजी के सूर्यकुंड में भी छठ व्रतियों के लिए घाट तैयार किया गया है। यहां साफ-सफाई के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पानी में बैरिकेडिंग की गई है और सावधानी बरतने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। गयाजी की डिप्टी मेयर चिंता देवी ने भी सूर्यकुंड में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और व्रतियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं, मुंगेर में व्रतियों ने स्नान के बाद भगवान सूर्य को कद्दू-भात का भोग लगाया और परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण किया। नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ यह महापर्व अब अगले तीन दिनों तक अलग-अलग धार्मिक परंपराओं और अनुष्ठानों के साथ जारी रहेगा।









