Home / विदेश / भारत दौरे पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जयशंकर से करेंगे मुलाकात; व्यापार समझौते पर भी नजर

भारत दौरे पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जयशंकर से करेंगे मुलाकात; व्यापार समझौते पर भी नजर

Spread the love

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो आज भारत की आधिकारिक यात्रा पर मुंबई पहुंचेंगे। इस दौरान वह भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बातचीत में भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, क्षेत्रीय स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। रुबियो अपने दौरे के दौरान आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि भी देंगे।

जयशंकर के साथ बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा

मुंबई पहुंचने के बाद मार्को रुबियो विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ बैठक करेंगे। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा क्षेत्रीय स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा जैसे मुद्दे भी बातचीत का हिस्सा होंगे। शाम को रुबियो जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘फ्रीडम 250 रिसेप्शन’ में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में अमेरिका के इतिहास की प्रमुख उपलब्धियों और भारत-अमेरिका के राजनयिक संबंधों से जुड़े अहम पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर रुबियो का बड़ा संकेत

मार्को रुबियो ने संकेत दिया है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। ऐसे में उनकी इस यात्रा को दोनों देशों के आर्थिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समझौते को लेकर आगे क्या प्रगति होती है, इस पर दोनों देशों की नजर रहेगी।

रूस से तेल आयात पर प्रतिबंधों में छूट का किया बचाव

रुबियो ने उज्बेकिस्तान के समरकंद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान रूस से तेल और गैस आयात करने वाले देशों पर प्रतिबंधों में अस्थायी छूट देने के अमेरिकी फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव कम करना और कीमतों को स्थिर रखने में मदद करना है। अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि ऊर्जा से जुड़े फैसले लेते समय हर देश की परिस्थितियों को समझना जरूरी है। भौगोलिक स्थिति और वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं से ऊर्जा हासिल करने में आने वाली कठिनाइयां भी इसमें अहम हैं। मुंबई में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद रुबियो के गुजरात के जामनगर रवाना होने का कार्यक्रम है। उनके दौरे के दौरान व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहेंगे।

Tagged: