मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021 में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। इस बदलाव के साथ ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों की पुलिस विभाग में सीधी भर्ती की प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें खेल गतिविधियों से निरंतर जुड़े रहने के लिए प्रोत्साहित करना है। अब प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने ही राज्य में सेवा और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया गया
संशोधित नियमों के तहत भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया गया है। साथ ही पात्रता के दायरे का भी विस्तार किया गया है, ताकि अधिक से अधिक योग्य खिलाड़ी इस योजना का लाभ उठा सकें। सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों की भर्ती प्रक्रिया हर वर्ष नियमित रूप से आयोजित की जाए, जिससे खिलाड़ियों को अवसरों के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस विभाग में सीधी भर्ती की यह व्यवस्था खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी जारी रखने में भी मदद करेगी।








