Home / राज्य / ममता ने भवानीपुर सीट से भरा नामांकन, BJP पर लगाए आरोप l

ममता ने भवानीपुर सीट से भरा नामांकन, BJP पर लगाए आरोप l

Spread the love

Mamata Banerjee Bhowanipore: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा से अपना नामांकन दाखिल किया।

इस बार भी भवानीपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा, क्योंकि इस सीट से ममता दीदी के सामने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं। शुभेंदु पहले ही 2 अप्रैल को गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ममता अपने कालीघाट स्थित आवास से पैदल मार्च करते हुए कुछ दूरी पर स्थित गोपालनगर में सरकारी सर्वे बिल्डिंग में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के कई सांसद, मंत्रियों और विधायकों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे। नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में ममता ने BJP पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने (BJP) बंगाल को निशाना बनाया है, हम दिल्ली को टारगेट करेंगे, संभाल लेना।

भवानीपुर में दूसरे और अंतिम चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है। ममता बनर्जी ने अपनी जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि भवानीपुर में मैं 365 दिन रहती हूं। मेरा धर्म और कर्म भवानीपुर है। आज मैने अपना नामांकन भर दिया, मै चाहती हूं प्रदेश की जनता सभी तृणमूल प्रत्याशी को वोट दे। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद बंगाल में सरकार फिर से तृणमूल कांग्रेस ही गठित करेगी।

ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का भी उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव से ठीक पहले इसके नाम पर मनमानी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि BJP के इशारे पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से जानबूझकर हटाकर लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया गया है। विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। ममता बनर्जी ने साथ ही दावा किया कि मेरे सुप्रीम कोर्ट जाने की वजह से कई लोगों के नाम मतदाता सूची में वापस आए।

Tagged: