Home / राज्य / स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मसूरी में प्रदर्शन, बोले- अस्पताल बना लेकिन सुविधाएं आज भी अधूरीडायलिसिस, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट की मांग; सरकार के खिलाफ नारेबाजी, आंदोलन की चेतावनी

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मसूरी में प्रदर्शन, बोले- अस्पताल बना लेकिन सुविधाएं आज भी अधूरीडायलिसिस, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट की मांग; सरकार के खिलाफ नारेबाजी, आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

मसूरी में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर शनिवार को देवभूमि जनकल्याण विकास एकता समिति के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने पिक्चर पैलेस चौक पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च कर उप जिला चिकित्सालय का निर्माण तो किया गया, लेकिन आज भी अस्पताल में कई आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

समिति के केंद्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश राणा ने कहा कि मसूरी में डायलिसिस सुविधा उपलब्ध न होने के कारण किडनी रोगियों को उपचार के लिए देहरादून जाना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि कई मरीज गंभीर हालत और भीषण गर्मी में लंबी दूरी तय करने को मजबूर हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोलॉजिस्ट जैसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी कमी है।

उनका कहना है कि सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक या अन्य गंभीर मामलों में मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून रेफर करना पड़ता है, जिससे कई बार मरीजों की जान पर बन आती है।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि मसूरी क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को कई बार स्वास्थ्य सुविधाओं की समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य जरूरतों को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भी प्रमुख विषय बनेगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से मसूरी उप जिला चिकित्सालय में डायलिसिस यूनिट स्थापित करने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति करने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की मांग की।

Tagged: