Himachal news: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सोमवार को उस वक्त एक दिलचस्प और अहम क्षण देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से खुद उनकी पत्नी और विधायक कमलेश ठाकुर ने पहली बार प्रश्न पूछा। देहरा से निर्वाचित विधायक कमलेश ठाकुर ने मछुआरों की आजीविका से जुड़े सिल्ट के गंभीर मुद्दे को उठाया, जिस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करवाने का भरोसा दिलाया।
मछुआरों की परेशानी गूंजी विधानसभा में
विधायक ठाकुर ने नदियों और बांधों में बढ़ती सिल्ट के कारण मछुआरों को हो रही दिक्कतों का मुद्दा विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि यह समस्या सिर्फ देहरा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि सतलुज, ब्यास और अन्य नदियों के किनारे बसे कई क्षेत्रों में लोगों की आजीविका पर असर डाल रही है। इस मुद्दे का अन्य विधायकों ने भी समर्थन कियाl
CM बोले- ‘समस्या का समाधान करेंगे’
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जवाब देते हुए कहा कि देहरा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के अधीन आता है, इसलिए इस विषय पर संबंधित प्राधिकरण के साथ समन्वय किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाएगी।









