12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपदभर में योग की धूम, हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास
उत्तरकाशी,12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी जनपद में जगह-जगह भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई, जिसके तहत लोगों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया।
विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में होमगार्ड जवान, पुलिस, आईटीबीपी जवान, भारतीय सेना, गंगोत्री नेशनल पार्क वन विभाग की टीम, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग आज केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विश्व में अपनाया जा रहा है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि मुख्य कार्यक्रम कीर्ति इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। नियमित योग करने से व्यक्ति की कार्यक्षमता, एकाग्रता और मानसिक मजबूती में वृद्धि होती है।
जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में भी योग दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया और योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।









