पंजाब में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में राज्यस्तरीय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत भुच्चो मंडी विधानसभा क्षेत्र के गांव सिविया, कोठे नथेआना और कोठे लखी जंगल में प्रचार वैन पहुंची। यहां ग्रामीणों को गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के कल्याण के लिए दिए गए संदेशों की जानकारी दी गई।

प्रचार वैन के जरिए दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री
अभियान के दौरान प्रचार वैन के माध्यम से करीब 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। इसमें श्री गुरु रविदास जी के जीवन और उनके विचारों को प्रस्तुत किया गया। डॉक्यूमेंट्री में सामाजिक समानता, भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भाव और जातिगत भेदभाव को समाप्त करने की शिक्षाओं पर विशेष जोर दिया गया। फिल्म देखने के लिए गांवों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने इसमें भाग लिया। ग्रामीणों ने श्रद्धा के साथ डॉक्यूमेंट्री देखी और गुरु रविदास जी के समानता व मानवीय एकता के संदेशों को जीवन में अपनाने की बात कही।
डॉक्यूमेंट्री देखकर उत्साहित नजर आए बच्चे
इस जागरूकता अभियान में बच्चों की भागीदारी भी देखने को मिली। गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए। फिल्म के माध्यम से उन्हें सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और समानता जैसे मूल्यों के बारे में जानकारी दी गई।
गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
इस अभियान का उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी के जीवन, विचारों और मानव कल्याण से जुड़े संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उनकी शिक्षाएं समाज में समानता, सद्भाव और मानवीय एकता को बढ़ावा देने का संदेश देती हैं। प्रचार वैन के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंच रहे इस अभियान में लोगों को गुरु रविदास जी के आदर्शों से परिचित कराया जा रहा है, ताकि उनकी शिक्षाओं को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।









