Home / राजनीति / अर्नब’ से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत, मुख्यमंत्री ने मुआवजा देने के दिए निर्देश, कलेक्टरों को तत्काल कार्रवाई के आदेश

अर्नब’ से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत, मुख्यमंत्री ने मुआवजा देने के दिए निर्देश, कलेक्टरों को तत्काल कार्रवाई के आदेश

Spread the love

छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर किसानों की फसलों पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश के कारण खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। किसानों की इस परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहत देने का फैसला किया है। उन्होंने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की घोषणा करते हुए सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टरों को तत्काल सर्वे के निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों से कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल को हुए नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे और मुआवजे की प्रक्रिया में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि नुकसान झेलने वाले पात्र किसानों तक समय पर सहायता पहुंचे।

आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी सहायता

सीएम साय ने निर्देश दिए हैं कि फसल नुकसान का आकलन आरबीसी 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए। सर्वे पूरा होने के बाद पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ काम करने और किसानों को राहत दिलाने को प्राथमिकता देने की बात कही है।

कई जिलों में बारिश से धान की फसल प्रभावित

चक्रवात अर्नब के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई। सुकमा, कोंटा, नरहरपुर और पिथौरा में करीब 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसका सबसे ज्यादा असर धान की फसल पर पड़ा है। कई किसानों की फसल पककर कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा। ऐसे में किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक से दो दिनों तक प्रदेश में तूफान का असर बना रह सकता है। ऐसे में प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखने और किसानों तक जल्द राहत पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।

Tagged: