Home / राजनीति / सरदार पटेल की जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे PM मोदी, दी श्रद्धांजलि; गुजरात को देंगे हजारों करोड़ की सौगात

सरदार पटेल की जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे PM मोदी, दी श्रद्धांजलि; गुजरात को देंगे हजारों करोड़ की सौगात

Spread the love

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंचे। यहां उन्होंने दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल की प्रतिमा का जलाभिषेक किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी गुजरात को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। उनके दौरे में 400 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का कार्यक्रम शामिल है। इसके अलावा वे एकता नगर में रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी दौरा करेंगे।

अहमदाबाद मेट्रो के दो नए फेज की रखेंगे नींव

प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद मेट्रो के फेज 2A और फेज 2B की आधारशिला रखेंगे। फेज 2A की लंबाई 6 किलोमीटर से अधिक होगी। इसमें कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं फेज 2B करीब 3.3 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक तीन स्टेशन शामिल होंगे। इन परियोजनाओं से अहमदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

अहमदाबाद-मेहसाणा रोड बनेगा आठ लेन

प्रधानमंत्री करीब 2,600 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा रोड (स्टेट हाईवे-41) को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड करने की परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इससे अहमदाबाद और उत्तरी गुजरात के बीच आवागमन अधिक तेज और सुविधाजनक होगा। साथ ही सड़क पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्र बनेंगे

गुजरात में बच्चों के विकास और पोषण सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री 4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही 361 पूर्ण हो चुके आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन भी करेंगे। करीब 800 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस पहल से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है।

4,950 करोड़ की कृषि परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे

प्रधानमंत्री एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत पूरी हुई 521 परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनकी कुल लागत करीब 4,950 करोड़ रुपये बताई गई है। इनमें कोल्ड स्टोरेज, गोदाम, साइलो, कोल्ड चेन, पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण केंद्र शामिल हैं।सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के साथ प्रधानमंत्री का यह गुजरात दौरा विकास परियोजनाओं के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

Tagged: