Home / महाराष्ट्र / मुंबई लोकल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को चलती ट्रेन के नीचे धकेला, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई लोकल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को चलती ट्रेन के नीचे धकेला, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

महाराष्ट्र की मुंबई लोकल ट्रेन में महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। नायगांव रेलवे स्टेशन पर छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक 20 वर्षीय युवती को आरोपी ने चलती लोकल ट्रेन के नीचे धक्का दे दिया। हादसे में युवती का बायां हाथ कोहनी के पास से कट गया, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

छेड़छाड़ का विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद

घटना 4 नवंबर की शाम की है। नायगांव ईस्ट की रहने वाली युवती गोरेगांव से अपनी बहन से मिलकर लोकल ट्रेन से घर लौट रही थी। पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 7:15 बजे ट्रेन में एक व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। युवती ने इसका विरोध किया।

नायगांव स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद युवती प्लेटफॉर्म पर उतरी और आरोपी से उसकी हरकत को लेकर जवाब मांगने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। युवती ने गुस्से में आरोपी पर चप्पल फेंकी, जिसके बाद आरोपी ने भी चप्पल फेंकी और उसे धक्का दे दिया।

हादसे में युवती गंभीर रूप से घायल

धक्का लगने से युवती प्लेटफॉर्म और पटरियों के बीच गिर गई। इसी दौरान लोकल ट्रेन चल पड़ी और उसका पहिया युवती के बाएं हाथ के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उसका हाथ कोहनी के पास से कट गया। सिर में गंभीर चोट आने पर उसे 16 टांके लगाए गए। फिलहाल युवती अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।

CCTV फुटेज से पहचान, आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद रेलवे पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। नायगांव स्टेशन और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले गए। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और 9 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणपत तुंबाडा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मामले में भायंदर रेलवे पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है। इस घटना ने मुंबई लोकल और रेलवे स्टेशनों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।