Home / राज्य / GTA 6 बनाने में भारत का बड़ा योगदान, 1600 भारतीय इंजीनियर्स ने गेम डेवलपमेंट में निभाई अहम भूमिका

GTA 6 बनाने में भारत का बड़ा योगदान, 1600 भारतीय इंजीनियर्स ने गेम डेवलपमेंट में निभाई अहम भूमिका

Spread the love

दुनियाभर में चर्चित वीडियो गेम GTA 6 को लेकर लंबे समय से लोगों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। करीब 13 साल के इंतजार के बाद 19 नवंबर को गेम की लॉन्चिंग की खबर ने गेमिंग के शौकीनों के बीच हलचल बढ़ा दी। इस गेम को लेकर एक और खास बात सामने आई है। GTA 6 को तैयार करने में भारतीय डेवलपर्स ने भी अहम भूमिका निभाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के 1600 से ज्यादा डेवलपर्स इस बड़े गेमिंग प्रोजेक्ट से जुड़े रहे हैं। खास तौर पर बेंगलुरु स्थित रॉकस्टार इंडिया की टीम का इसमें महत्वपूर्ण योगदान बताया जा रहा है।

बेंगलुरु की टीम ने तैयार की गेम की कई अहम चीजें

भारत के सांसद तेजस्वी सूर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, रॉकस्टार इंडिया के बेंगलुरु स्टूडियो में काम करने वाली टीम ने GTA 6 के कई महत्वपूर्ण हिस्सों को तैयार करने में योगदान दिया है। इसमें गेम की खुली दुनिया यानी ओपन वर्ल्ड, अलग-अलग लोकेशन और डिजिटल एसेट्स शामिल हैं। गेम में दिखाई देने वाली काल्पनिक जगह Vice Beach को तैयार करने में भी भारतीय टीम की भूमिका बताई गई है। यह उपलब्धि दिखाती है कि भारतीय गेम डेवलपर्स अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े प्रोजेक्ट्स में भी अपनी पहचान बना रहे हैं।

एक कंप्यूटर से शुरू हुई थी गेमिंग कंपनी की कहानी

बेंगलुरु की इस सफलता के पीछे कई सालों का सफर है। इसकी शुरुआत 1995 में हुई थी, जब बिजनेसमैन राजेश राव ने Dhruva Interactive नाम की कंपनी शुरू की थी। खास बात यह थी कि कंपनी की शुरुआत महज एक कंप्यूटर से हुई थी। उस दौर में भारत में गेम डेवलपमेंट का क्षेत्र बहुत ज्यादा विकसित नहीं था, लेकिन धीरे-धीरे इस कंपनी ने अपनी अलग पहचान बना ली। साल 2019 में Rockstar Games ने Dhruva Interactive का अधिग्रहण कर लिया। इसके बाद भारतीय डेवलपर्स को दुनिया के बड़े गेमिंग प्रोजेक्ट्स पर काम करने के अवसर मिले। इससे पहले भी बेंगलुरु की टीम GTA V और Red Dead Redemption 2 जैसे चर्चित गेम्स के निर्माण में योगदान दे चुकी है।

सिर्फ कोडिंग नहीं, कई स्किल्स से तैयार होता है बड़ा गेम

आमतौर पर लोगों को लगता है कि वीडियो गेम बनाने के लिए केवल प्रोग्रामिंग की जानकारी जरूरी होती है, लेकिन हकीकत इससे कहीं ज्यादा अलग है। एक बड़े गेम को तैयार करने के लिए कई क्षेत्रों के विशेषज्ञ मिलकर काम करते हैं। इसमें गेम डिजाइनर, ग्राफिक्स आर्टिस्ट, एनिमेशन एक्सपर्ट, 3D मॉडलर, सॉफ्टवेयर इंजीनियर और टेस्टिंग टीम की अहम भूमिका होती है। हर छोटी-बड़ी चीज पर काम करने के बाद ही गेम की पूरी दुनिया तैयार होती है। GTA 6 में भारतीय डेवलपर्स की भागीदारी इस बात का संकेत है कि भारत में गेमिंग इंडस्ट्री तेजी से अपनी जगह बना रही है। अब युवाओं के लिए केवल आईटी और सॉफ्टवेयर ही नहीं, बल्कि गेम डिजाइनिंग, एनिमेशन और डिजिटल आर्ट जैसे क्षेत्रों में भी करियर के नए अवसर मौजूद हैं।