उत्तराखंड के IIT रुड़की में एक छात्र की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात संस्थान के गोविंद भवन में छात्र का शव उसके कमरे में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और संस्थान की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्र के लैपटॉप से एक सुसाइड नोट भी मिला है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 20 वर्षीय आयुष राजोरिया के रूप में हुई है। घटना की जानकारी उसके परिवार को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है।
देर रात पुलिस को दी गई घटना की सूचना
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब एक बजे IIT रुड़की के सुरक्षा अधिकारी ने घटना की सूचना दी थी। इसके बाद कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट और पुलिस टीम संस्थान के गोविंद भवन पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सुरक्षा गार्डों की मदद से पुलिस ने अंदर जाकर जांच की।
लैपटॉप से मिला सुसाइड नोट
रुड़की के सीओ ओशिन जोशी ने बताया कि आयुष संस्थान में दूसरे वर्ष का छात्र था। उसके लैपटॉप से एक सुसाइड नोट मिला है। पुलिस इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
IIT रुड़की ने जारी किया बयान
घटना के बाद IIT रुड़की ने भी बयान जारी कर छात्र के निधन पर दुख जताया। संस्थान के मुताबिक, आयुष राजोरिया गणित विभाग के गणित एवं कंप्यूटिंग के BS-MS कार्यक्रम में दूसरे वर्ष का छात्र था। संस्थान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
परिवार को हर संभव मदद का भरोसा
IIT रुड़की ने कहा कि इस मुश्किल समय में संस्थान छात्र के परिवार और उसके करीबियों के साथ खड़ा है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाएगी। साथ ही संस्थान ने सभी से परिवार की निजता का सम्मान करने और घटना को लेकर किसी तरह की अटकलें नहीं लगाने की अपील की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।









