Khagaria Woman Suicide Note: खगड़िया जिले में 16 अप्रैल गुरुवार दोपहर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआही स्थित बुढ़ी गंडक पुल पर एक नवविवाहिता ने कूदकर आत्महत्या कर ली। युवती कुछ देर पुल पर टहलती रही और फिर जब देखा, वहां लोगों का आना-जाना कम हो गया तो उसने अपना सुसाइड नोट, फोटो और चप्पल छोड़कर नदी में कूद गई। इसके बाद वहां खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह गंडक नदी में लापता हो चुकी थी।
पुल पर मिले सुसाइड नोट, फोटो और चप्पल को स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। नोट में दिए गए मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। मृतका की पहचान हीरामणि के रूप में हुई। वह बेलदौर थाना क्षेत्र के पनसलवा गांव की रहने वाली थी
हीरामणि ने मात्र 4 महीने पहले पनसलवा गांव निवासी विकास कुमार से लव मैरिज की थी। शादी के बाद ससुराल में दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था। परिजनों का आरोप है कि पति विकास और ससुराल पक्ष लगातार बाइक व नकद दहेज की मांग कर रहे थे।
सुसाइड नोट में हीरामणि ने लिखा कि- ‘सबसे पहले इसकी जानकारी उसके पति विकास और परिवार को दी जाए, ताकि वे लोग खुश हो जाएं। उसने पति पर शादी के बाद घर से निकालने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। नोट में उसने आखिरी इच्छा जताई कि उसे पति के हाथों ही मुखाग्नि दी जाए।’
हीरामणि की मां संजू देवी ने बताया कि- ‘शादी के एक महीने बाद से ही बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। मारपीट, गाली-गलौज और घर से निकालने की धमकियां दी जाती थीं। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर हीरामणि ने यह कदम उठाया।’
नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई अजय कुमार राय ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि- ‘मामले की गहन जांच की जा रही है। SDRF की टीम नदी में युवती की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’








