Home / राजनीति / MP में BJP की लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ पदयात्रा,इंदौर में 30 अक्टूबर से आगाज,भोपाल-जबलपुर में भी जुटेंगे कार्यकर्ता

MP में BJP की लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ पदयात्रा,इंदौर में 30 अक्टूबर से आगाज,भोपाल-जबलपुर में भी जुटेंगे कार्यकर्ता

Spread the love

मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत तीन बड़े शहरों में पदयात्राएं आयोजित करने जा रही है। इसकी शुरुआत 30 अक्टूबर को इंदौर से होगी। इसके बाद 3 नवंबर को जबलपुर और 4 नवंबर को भोपाल में पदयात्रा निकाली जाएगी। पार्टी का लक्ष्य इन कार्यक्रमों के जरिए बड़ी संख्या में लोगों, खासकर युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ना है।

मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष होंगे शामिल

तीनों शहरों में होने वाली पदयात्राओं में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव तथा पीयूष गोयल भी कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनकी भागीदारी को लेकर अंतिम पुष्टि का इंतजार रहेगा।

जबलपुर और भोपाल का कार्यक्रम तय

भाजपा के कार्यक्रम के अनुसार, जबलपुर में 3 नवंबर को दोपहर 3 बजे पदयात्रा आयोजित होगी, जबकि भोपाल में 4 नवंबर को सुबह 10 बजे यात्रा निकाली जाएगी। इंदौर की पदयात्रा के लिए गुरुवार से पंजीयन शुरू हो गया है। वहीं, भोपाल और जबलपुर में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए शुक्रवार से पंजीयन की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

QR कोड से करा सकेंगे पंजीयन

पार्टी ने अपने इंटरनेट मीडिया मंचों पर क्यूआर कोड उपलब्ध कराया है। इसे स्कैन करके पदयात्रा में शामिल होने के लिए पंजीयन किया जा सकेगा। भाजपा ने प्रत्येक पदयात्रा में करीब एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। इसमें युवाओं और छात्रों की विशेष भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।

भोपाल में तैयारियों को लेकर बैठक

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को भोपाल में पदयात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक की। इसमें मंत्री चैतन्य काश्यप, विश्वास सारंग और कृष्णा गौर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा और पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह मौजूद रहे। बैठक में आयोजन की तैयारियों और जनभागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई।