दिल्ली में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद नाम जुड़वाने के लिए आवेदन की रफ्तार बढ़ गई है. 31 अगस्त से 17 सितंबर के बीच 18 दिनों में 73,496 लोगों ने Form-6 के जरिए नाम शामिल कराने का दावा पेश किया है. यह आंकड़ा 18 सितंबर की मुख्य निर्वाचन अधिकारी की डेली बुलेटिन के हवाले से सामने आया है.
आंकड़ों के मुताबिक, 18 दिनों में 73,496 Form-6 आवेदन प्राप्त हुए. यानी रोजाना औसतन करीब 4 हजार लोगों ने नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया. SIR के दौरान ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत Form-6 जमा किया जा सकता है.
अब तक 2.85 लाख से ज्यादा Form-6
चुनाव कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, 31 अगस्त तक दिल्ली में 2,12,400 Form-6 प्राप्त हो चुके थे. इसके बाद 31 अगस्त से 17 सितंबर के बीच 73,496 और आवेदन आए. दोनों आंकड़ों को जोड़ने पर कुल संख्या 2,85,896 पहुंच जाती है.
पश्चिमी दिल्ली में सबसे ज्यादा आवेदन
जिलेवार आंकड़ों में पश्चिमी दिल्ली 9,245 आवेदन के साथ सबसे आगे रही. इसके बाद उत्तर-पश्चिम दिल्ली में 7,527, पूर्वी दिल्ली में 7,315 और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 7,184 आवेदन आए. उत्तर-पूर्वी दिल्ली से 6,594, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली से 6,387 और दक्षिणी दिल्ली से 6,005 आवेदन दर्ज किए गए. उत्तर दिल्ली में 5,690, बाहरी उत्तर दिल्ली में 5,065, मध्य-उत्तर दिल्ली में 4,831, मध्य दिल्ली में 3,178, पुरानी दिल्ली में 3,106 और नई दिल्ली में 1,369 आवेदन आए.
30 सितंबर तक दावे-आपत्तियों का मौका
SIR प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जांचने और जरूरत पड़ने पर दावा दाखिल करने का अवसर दिया गया है. CEO Delhi के FAQ के मुताबिक, ड्राफ्ट रोल में नाम नहीं होने पर Form-6 और निर्धारित घोषणा व दस्तावेजों के साथ आवेदन किया जा सकता है.
दावे और आपत्तियां 30 सितंबर तक दाखिल की जा सकती हैं. इसके बाद इनका निपटारा 29 अक्टूबर तक किए जाने और 4 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित किए जाने की बात कही गई है. 20 और 27 सितंबर को मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप भी लगाए जाने हैं.








