उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सितंबर में ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। चमोली के हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई, जबकि केदारनाथ और रुद्रनाथ में ओलों के साथ हल्की बर्फ गिरी। केदारनाथ में सुबह तापमान -2°C तक पहुंच गया।
मध्य प्रदेश में भोपाल, सीहोर और देवास में गुरुवार को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 21 सितंबर तक बारिश, गरज-चमक और आंधी का दौर जारी रह सकता है। सितंबर के आखिरी सप्ताह से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है।
उत्तराखंड में बर्फबारी, केदारनाथ में -2°C
चमोली के हेमकुंड साहिब में गुरुवार को बर्फबारी हुई। केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी ओले गिरने के साथ हल्की बर्फबारी हुई। पहाड़ों पर मौसम बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। केदारनाथ में सुबह का तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
MP में 21 सितंबर तक बारिश का दौर
मध्य प्रदेश में मानसून अब अंतिम चरण में है, लेकिन बारिश पूरी तरह थमी नहीं है। भोपाल, सीहोर और देवास में गुरुवार को तेज बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 21 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 33.1 इंच बारिश हो चुकी है। सितंबर के आखिरी सप्ताह से मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू होने की संभावना है।
UP में आंधी के बाद तेज बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। कानपुर में करीब आधे घंटे तक 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई पेड़ सड़कों पर गिर गए। इसके बाद तेज बारिश हुई।बरेली में भी धूलभरी आंधी चली। यहां करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे कई पेड़ उखड़ गए। राजधानी लखनऊ में भी तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली।मौसम विभाग ने शुक्रवार को यूपी के कई जिलों में बारिश, बादल और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
बिहार में 13 जिलों में यलो अलर्ट
बिहार में मौसम विभाग ने 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में उमस बनी रहने की संभावना है।वहीं, राज्य में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। बाढ़ से करीब 50 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।
अगले दो दिन कहां बारिश?
19 सितंबर: नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और रायलसीमा में बारिश का यलो अलर्ट है। आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में तेज हवाएं चलने की संभावना है।
20 सितंबर: छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और कर्नाटक में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।









