उत्तराखंड के युवाओं का जोश और मैट पर ग्रेपलिंग के दांव-पेंच। मौका था ढालवाला स्थित ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल में चल रहे ‘ग्रेपलिंग ओपन बालक-बालिका विशेष प्रशिक्षण शिविर’ के समापन का।
जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर और खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहयोग से सजे इस 10 दिवसीय मंच पर उत्तराखंड के भावी चैंपियंस ने जमकर पसीना बहाया।
इस पूरे कैंप की कमान ग्रेपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव और इंटरनेशनल कोच नवीन रयाल के हाथों में थी। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. राजे नेगी ने युवा खिलाड़ियों में गजब का जोश भरा। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ मेडल जीतने या बॉडी बनाने के लिए नहीं है।
यह आपके भीतर अनुशासन, सेल्फ कॉन्फिडेंस और टीम स्पिरिट पैदा करता है। उत्तराखंड में टैलेंट की कोई कमी नहीं है। अगर इन्हें सही उम्र में सही कोचिंग मिल जाए, तो ये बच्चे इंटरनेशनल लेवल पर तिरंगा लहराने का दम रखते हैं। बता दे कि समारोह के आखिरी दिन कोचों ने 10 दिनों की ट्रेनिंग रिपोर्ट पेश की।
जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। बच्चों ने मैट पर अपनी स्किल्स का लाइव डेमो भी दिखाया। इसके बाद शानदार खेल दिखाने वाले प्रतिभागियों को स्पेशल अवॉर्ड्स से नवाजा गया।
इस मौके पर जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, कोच महेश नौटियाल सहित स्कूल परिवार और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाया।









