ऋषिकेश नटराज श्यामपुर बाईपास मार्ग पर उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला है। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी मची है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और फोरेंसिक की टीम को भी बुलाया।
फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही युवक की मौत के स्पष्ट कारण पता चल पाएंगे। जांच में पता चला है कि युवक का नाम विनीत डोभाल है और वह बैटरी फार्म गली नंबर 11 श्यामपुर का रहने वाला है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि विनीत नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। फिलहाल वह नौकरी छोड़कर घर पर आया हुआ था। लंबे समय से वह नशे का आदी भी था। 26 अप्रैल की सुबह वह नौकरी पर जाने की बात कह कर घर से निकला। इसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पुलिस ने मामले में जांच और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक की टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्रित किए हैं। कार 26 अप्रैल से संबंधित परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़े होने की जानकारी मिली है।









