Home / राज्य / ऋषिकेश में 27 बच्चों से भरी यूपी की स्कूल बस का अचानक ब्रेक फेल, दीवार से टकराकर हवा में आधी लटकी बस

ऋषिकेश में 27 बच्चों से भरी यूपी की स्कूल बस का अचानक ब्रेक फेल, दीवार से टकराकर हवा में आधी लटकी बस

Spread the love

उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। फिरोजाबाद से बच्चों को पिकनिक पर लेकर आई स्कूल बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। पहाड़ी रास्ते पर बेकाबू हुई बस पहले सड़क किनारे बनी दीवार से टकराई और फिर उसका अगला हिस्सा हवा में लटक गया। बस में 27 बच्चों समेत कुल 30 लोग सवार थे। हादसे में ड्राइवर, हेल्पर और स्कूल की प्रिंसिपल घायल हुए हैं, जबकि सभी बच्चे सुरक्षित हैं। हादसा सुबह करीब 9:40 बजे मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के PWD तिराहे पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे बच्चों और स्टाफ को बाहर निकाला। हादसे के बाद डरे हुए बच्चों को संभाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

चिल्ड्रेंस डे पर पिकनिक मनाने जा रहे थे बच्चे

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद स्थित पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे और शिक्षक बाल दिवस के मौके पर उत्तराखंड घूमने आए थे। शनिवार सुबह सभी बस (UP 83 AT 8300) से लक्ष्मण झूला की ओर जा रहे थे। बस में 27 बच्चे और स्कूल के तीन कर्मचारी सवार थे। रास्ते में सुबह करीब 9:40 बजे PWD तिराहे की ढलान पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। ड्राइवर जयप्रकाश ने बस को संभालने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गया। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा हवा में लटक गया।

खिड़कियों से बाहर निकाले गए बच्चे

बस के दीवार से टकराते ही अंदर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे बच्चों और अन्य लोगों को बाहर निकाला। हादसे में ड्राइवर जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और स्कूल की प्रिंसिपल रजनी सारस्वत को चोटें आई हैं। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत की बात रही कि बस में सवार किसी बच्चे को चोट लगने की जानकारी सामने नहीं आई।

मधुबन आश्रम में बच्चों के रुकने और खाने की व्यवस्था

हादसे के बाद पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी। सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। उनके ठहरने के लिए मधुबन आश्रम में व्यवस्था कराई गई। साथ ही खाने-पीने का इंतजाम भी किया गया। पुलिसकर्मियों ने स्कूल के शिक्षकों के साथ मिलकर बच्चों को संभाला और उन्हें शांत कराया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस का अगला हिस्सा हवा में लटका दिखाई दे रहा है और स्थानीय लोग खिड़कियों के जरिए बच्चों को बाहर निकालते नजर आ रहे हैं।