Home / राज्य / यूपी में चुनावी बिगुल से पहले BJP की बड़ी बैठक, CM योगी ने दिया टारगेट, संगठन को किया अलर्ट

यूपी में चुनावी बिगुल से पहले BJP की बड़ी बैठक, CM योगी ने दिया टारगेट, संगठन को किया अलर्ट

Spread the love

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी का फोकस फिलहाल मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को जुड़वाने पर है। शुक्रवार को लखनऊ में हुई संगठन की बड़ी बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सभी जिलों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) को लेकर रणनीति तैयार की गई। मुख्यमंत्री योगी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अगले एक महीने तक इस अभियान में पूरी ताकत से जुटने का निर्देश दिया। बीजेपी का विशेष ध्यान महिला, युवा और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मतदाता सूची में शामिल कराने पर रहेगा।

17 नवंबर से शुरू होगा नाम जुड़वाने का अभियान

उत्तर प्रदेश में SIR प्रक्रिया के बाद 17 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR शुरू होगा। इसे देखते हुए बीजेपी ने बूथ स्तर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बैठक में जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई और मतदाता सूची की समीक्षा कर छूटे हुए नामों की पहचान करने का रोडमैप तैयार किया गया। पार्टी का लक्ष्य है कि अभियान के दौरान ऐसे लोगों की पहचान की जाए, जिनके नाम किसी कारण से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनके नाम जुड़वाने में मदद की जाएगी।

योगी का निर्देश- एक महीने तक वोटर जोड़ने में जुटें

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से अगले एक महीने तक दूसरे कामों के बजाय मतदाता सूची के अभियान पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने महिला और युवा मतदाताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से छूटे हुए मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए सक्रियता से काम करने की अपील की। साथ ही कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले SSR नाम जुड़वाने का अहम अवसर है।

कमल साथी ऐप से होगी अभियान की निगरानी

बीजेपी इस अभियान में डिजिटल माध्यमों का भी इस्तेमाल करेगी। इसके लिए कमल साथी ऐप के जरिए मतदाताओं से संपर्क करने और नाम जुड़वाने में सहायता करने की योजना है। पार्टी बूथ और विधानसभा स्तर का डेटा डाउनलोड कर अभियान की प्रगति पर नजर रखेगी। इसके अलावा कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष कैंप लगाने की तैयारी है, ताकि पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जा सकें।

पंचायत सहायकों और आशा बहुओं की भी ली जाएगी मदद

ग्रामीण और स्थानीय स्तर पर छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बीजेपी पंचायत सहायकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं की मदद लेने की योजना बना रही है। इसके अलावा आजीविका मिशन से जुड़े लोगों, स्वयं सहायता समूहों और बीसी सखियों को भी अभियान से जोड़ने की तैयारी है। पार्टी की रणनीति है कि स्थानीय स्तर पर इन नेटवर्क के जरिए उन लोगों की पहचान की जाए, जो मतदाता बनने की पात्रता रखते हैं, लेकिन अभी तक उनका नाम सूची में शामिल नहीं है।