ऋषिकेश : तीर्थनगरी के आवास विकास क्षेत्र में गंगा किनारे स्थित एक आरती स्थल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां एक सांप दिखाई दिया।
तांबे जैसी चमक और अद्भुत बनावट के कारण यह सांप स्थानीय लोगों के बीच आकर्षण और कौतूहल का विषय बना रहा।
सूचना मिलते ही वन कर्मी कमल राजपूत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेंजर जी.एस. धमन्दा ने बताया कि पकड़ा गया सांप कॉपरहेड ट्रिंकेट प्रजाति का है।
अपनी सुंदरता के कारण इसे स्थानीय भाषा में वन सुंदरी के नाम से जाना जाता है। पकड़े गए सांप की लंबाई लगभग 7 फीट मापी गई है। रेंजर ने स्पष्ट किया कि यह सांप जहरीला नहीं होता है।
यह सांप अपनी फुर्ती और रक्षात्मक मुद्रा के लिए जाना जाता है, लेकिन इससे इंसानों को कोई जानलेवा खतरा नहीं है।
वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। भीड़-भाड़ वाले आरती स्थल से हटाकर, सांप को उसके प्राकृतिक आवास यानी सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर घबराएं नहीं और तुरंत विशेषज्ञों को सूचित करें।









