Home / राजनीति / पंजाब में बनेगा बासमती का ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’, डच कंपनियों को CM मान ने दिया न्योता

पंजाब में बनेगा बासमती का ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’, डच कंपनियों को CM मान ने दिया न्योता

Spread the love

पंजाब में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने की पहल के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बासमती चावल के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने की बड़ी घोषणा गुरुवार को की है। इस पहल का उद्देश्य फसली विविधता को बढ़ावा देना और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।अपने नीदरलैंड दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मान ने वहां की आधुनिक कृषि पद्धतियों का गहन अध्ययन किया और डच कंपनियों को पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों ने देश की खाद्य सुरक्षा के लिए अपने प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक उपयोग किया है, जिससे अब गेहूं-धान के पारंपरिक चक्र से बाहर निकलना बेहद जरूरी हो गया है।

रॉटरडैम में एलटी फूड्स की सुविधा का दौरा करते हुए सीएम मान ने कंपनी के वैश्विक नेटवर्क और किसानों के साथ उसके मजबूत संबंधों की सराहना की। कंपनी ने पंजाब में बासमती के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने और कम कीटनाशक उपयोग वाली खेती को बढ़ावा देने का भरोसा दिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए टिकाऊ खेती और कीटनाशकों के कम इस्तेमाल पर जोर देना अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री मान ने नीदरलैंड के आल्समीयर स्थित विश्व के सबसे बड़े फूल बाजार का दौरा कर वहां की लॉजिस्टिक्स और नीलामी प्रणाली को समझा। उन्होंने पंजाब में भी इसी तरह का मॉडल अपनाने की इच्छा जताई, जिससे कृषि वैल्यू चेन मजबूत होगी और किसानों को बेहतर कीमत मिल सकेगी।

डच उद्योग संगठनों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने पंजाब की नई औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति-2026 और फास्टट्रैक पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य निवेशकों के लिए पारदर्शी और समयबद्ध मंजूरी प्रणाली प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस न केवल बासमती उत्पादन बढ़ाएगा, बल्कि किसानों की वास्तविक आय में वृद्धि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Tagged: