Home / राजनीति / ‘राहुल की तरह खरगे भी मूर्ख निकले’, PM मोदी पर बयान को लेकर बिहार से दिल्ली तक सियासी घमासान

‘राहुल की तरह खरगे भी मूर्ख निकले’, PM मोदी पर बयान को लेकर बिहार से दिल्ली तक सियासी घमासान

Spread the love

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे के बयान की आलोचना की और कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की। वहीं, यह विवाद पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खरगे की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ।

सम्राट चौधरी ने कांग्रेस से मांगी माफी

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खरगे के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पिता के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावना दिखा रहे हैं। सम्राट चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से इस टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर इस तरह की बयानबाजी नहीं होनी चाहिए।

गिरिराज सिंह बोले- राहुल ही नहीं, खरगे भी…

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हम समझते थे कि राहुल गांधी ही सिर्फ मूर्ख हैं, लेकिन मूर्खों की टोली में रहकर मल्लिकार्जुन खरगे भी मूर्ख निकले।” गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी कई राज्यों में लंबे समय से सत्ता से बाहर है और उसके नेताओं की भाषा को जनता देख रही है। उन्होंने खरगे पर प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अनुचित टिप्पणी करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता इसका जवाब देगी।

अमित शाह ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर खरगे की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता पहले भी प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक बयान देते रहे हैं।

शाह ने कहा कि चुनावों में लगातार हार के कारण कांग्रेस में निराशा बढ़ी है और पार्टी के पास मुद्दों की कमी है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री या उनके परिवार के खिलाफ की गई टिप्पणियों का जवाब जनता चुनावों में देती रही है।

पटना के कार्यक्रम में क्या हुआ था?

दरअसल, मल्लिकार्जुन खरगे पटना के गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी जगह से चिल्लाते हुए कहा, “मोदी नहीं जाएगा।” इस पर खरगे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” उनकी इस टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोलना शुरू कर दिया। अब यह बयान बिहार से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है।