विजय विहार पुलिस की बड़ी कामयाबी: 10 चोरी के मामलों का खुलासा, 6 मोबाइल फोन बरामदगश्त के दौरान पकड़ा गया शातिर चोर, पूछताछ में खोले कई राजसंवाददाता रोहताश रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही चोरी के कुल 10 मामलों का खुलासा हुआ है, जिससे इलाके में पुलिस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश गया है।
यह कार्रवाई एसीपी बृजमोहन मीणा के पर्यवेक्षण और एसएचओ इंस्पेक्टर मनोहर लाल के नेतृत्व में अंजाम दी गई। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल मंगलेश, हेड कांस्टेबल सुनील और कांस्टेबल हरकेश शामिल थे, जो नियमित गश्त पर थे।गश्त के दौरान विजय विहार के एक पार्क में पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।
शक के आधार पर जब उससे पूछताछ और तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि यह फोन थाना विजय विहार क्षेत्र से चोरी किया गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान 23 वर्षीय संजय के रूप में बताई, जो लाल क्वार्टर, विजय विहार का निवासी है। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हाल ही में हुई कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच और चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए, जो विजय विहार और बुध विहार थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से चोरी के कुल 10 मामलों का खुलासा हुआ है। यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी चोरी के एक मामले में शामिल रह चुका है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।विजय विहार पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि लगातार गश्त और सतर्कता से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।









