Home / राजनीति / वृंदावन नाव हादसे पर पंजाब CM मान ने व्यक्त की संवेदना, यूपी सीएम योगी से बात कर राहत कार्यों में सहयोग का भरोसा

वृंदावन नाव हादसे पर पंजाब CM मान ने व्यक्त की संवेदना, यूपी सीएम योगी से बात कर राहत कार्यों में सहयोग का भरोसा

Spread the love

Punjab news: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में यमुना नदी में हुए भीषण नाव हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक घटना में कई परिवारों की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। हादसे के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए शोक व्यक्त किया और पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर हादसे की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मान ने कहा कि पंजाब सरकार लगातार उत्तर प्रदेश प्रशासन के संपर्क में है और स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पांच लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। मृतकों में पंजाब के लुधियाना और जगराओं क्षेत्र के लोगों की संख्या अधिक है, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, जगराओं से करीब 120 श्रद्धालु दो बसों में सवार होकर 9 अप्रैल को चार दिवसीय धार्मिक यात्रा पर वृंदावन पहुंचे थे। शुक्रवार दोपहर के समय केसी घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी नाव गहरे पानी में पहुंच गई और नदी में मौजूद लोहे के ढांचे से टकराकर पलट गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

Tagged: