बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पटना दौरा कई सियासी संकेत दे गया। नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम में पीएम मोदी ने न सिर्फ सम्राट सरकार के कामकाज की तारीफ की, बल्कि राज्य में एनडीए सरकार की उपलब्धियों को भी प्रमुखता से सामने रखा। उनके संबोधन और मंच पर नेताओं के बीच दिखे तालमेल को सम्राट चौधरी के लिए राजनीतिक समर्थन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, पिछले कुछ समय से बिहार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। विपक्ष भी इन चर्चाओं को लेकर लगातार सवाल उठा रहा था। ऐसे माहौल में पीएम मोदी का सम्राट सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करना और गठबंधन के नेताओं की एकजुटता दिखाना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
सम्राट सरकार के कामकाज की पीएम मोदी ने की तारीफ
नीतीश सेतु के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सम्राट सरकार की सराहना की। उन्होंने राज्य में निवेश से लेकर शिक्षा, बिजली, कृषि और गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं तक कई उपलब्धियां गिनाईं। पीएम मोदी के मुताबिक, बिहार में करीब 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। गया में 6 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली स्टील परियोजना पर काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा राज्य में 11 हजार नए नलकूप लगाए गए हैं और गांवों में 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की बात भी कही गई। प्रधानमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में एक साल के भीतर 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज शुरू होने और मां सीता महिला विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिलने का भी उल्लेख किया।
गरीबों, किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का जिक्र
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने गरीबों और किसानों के लिए किए गए कामों को भी गिनाया। उन्होंने बताया कि बिहार में 42 लाख परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं, जबकि 11 लाख और मकान उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही करीब 75 लाख किसानों को आर्थिक सहायता देने और 50 हजार ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाने का जिक्र किया। बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने के उद्देश्य से नई गन्ना प्रोत्साहन नीति का भी उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री ने इन योजनाओं और परियोजनाओं को एनडीए सरकार के विकास कार्यों से जोड़ते हुए गठबंधन की उपलब्धियों को सामने रखा।
सम्राट-निशांत की जोड़ी भी रही चर्चा में
इस कार्यक्रम का एक और अहम पहलू मंच पर नेताओं के बीच दिखा आपसी तालमेल रहा। पीएम मोदी ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की और उन्हें गले लगाया। इस दौरान एनडीए के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, राजीव रंजन और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के साथ जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक नजरिए से भी अहम बना दिया। कार्यक्रम में सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी का जिक्र भी चर्चा में रहा। इसे एनडीए के भीतर एकजुटता और नेतृत्व को लेकर चल रही अटकलों के बीच अहम राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
विकास के बहाने सियासी संदेश
नीतीश सेतु का उद्घाटन सिर्फ एक बुनियादी ढांचा परियोजना का कार्यक्रम नहीं रहा। इसके जरिए बिहार में पहले हुए विकास कार्यों और मौजूदा सरकार की योजनाओं को एक साथ जोड़कर पेश किया गया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात भी रखी। कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री का यह दौरा सम्राट चौधरी सरकार के कामकाज और एनडीए की एकजुटता को सामने लाने का मंच बना। हालांकि, नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं पर आधिकारिक तौर पर कोई अलग घोषणा नहीं हुई, लेकिन कार्यक्रम के दौरान मिले संकेतों ने बिहार की सियासत में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।









