Home / राज्य / चमकौर साहिब में आज शहीदी समागम, पंजाब-हरियाणा के CM समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

चमकौर साहिब में आज शहीदी समागम, पंजाब-हरियाणा के CM समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल

Spread the love

पंजाब के ऐतिहासिक धार्मिक स्थल चमकौर साहिब में 22 नवंबर को शहीद बाबा जीवन सिंह जी (भाई जैता जी) की 322वीं शहीदी वर्षगांठ पर विशेष शहीदी समागम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके अलावा धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख शख्सियतें भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।

त्याग और बलिदान की गाथा को किया जाएगा याद

आयोजकों के मुताबिक, शहीदी समागम के जरिए बाबा जीवन सिंह जी के त्याग, साहस और धर्म के प्रति समर्पण को याद किया जाएगा। कार्यक्रम में नई पीढ़ी को उनके ऐतिहासिक योगदान और शहादत से परिचित कराने पर विशेष जोर रहेगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

20 नवंबर से शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रम

शहीदी समागम से जुड़े तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत 20 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ हुई। मुख्य आयोजन 22 नवंबर को होगा। सुबह 9 बजे गुरुद्वारा शहीदी बुर्ज बाबा जीवन सिंह जी में अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक धार्मिक दीवान सजाया जाएगा।

अनाज मंडी में होगा मुख्य समागम

दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चमकौर साहिब की अनाज मंडी में विशेष धार्मिक समागम आयोजित होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाली प्रमुख हस्तियां संगत को संबोधित करेंगी। धार्मिक दीवान में ढाडी वारों, कविशरी और कीर्तन के माध्यम से बाबा जीवन सिंह जी के जीवन और बलिदान की गाथा सुनाई जाएगी। बाबा कुलविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

संगत से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील

आयोजकों ने देशभर की सिख संगत और श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि बाबा जीवन सिंह जी का जीवन सेवा, त्याग और अदम्य साहस का प्रतीक है। उनकी शहादत को याद करना और उनके विचारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।