Home / राज्य / हरियाणा / सिरसा में विकास कार्यों की खुली पोल, 3 इंजीनियर सस्पेंड;ठेकेदार पर FIR और ब्लैकलिस्ट करने के आदेश

सिरसा में विकास कार्यों की खुली पोल, 3 इंजीनियर सस्पेंड;ठेकेदार पर FIR और ब्लैकलिस्ट करने के आदेश

Spread the love

हरियाणा के सिरसा में विकास कार्यों में कथित लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को सिरसा के पंचायत भवन में जिला जनसंपर्क एवं जन शिकायत निवारण समिति की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जवाबदेह ठहराते हुए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के तीन इंजीनियरों को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के आदेश दिए गए।

15 शिकायतों पर हुई सुनवाई, 13 का मौके पर समाधान

बैठक में मुख्यमंत्री ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतों और अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा गया। बैठक में कुल 15 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं, दो मामलों में जांच कराने और अगली बैठक में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए।

तीन इंजीनियरों पर गिरी निलंबन की गाज

विकास परियोजनाओं में कथित गंभीर लापरवाही को देखते हुए मुख्यमंत्री ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, म्युनिसिपल इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, जुर्माना लगाने और उसे ब्लैकलिस्ट करने को कहा गया। वहीं, डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर का एक महीने का वेतन काटने के आदेश भी दिए गए।

अधूरे काम और खराब गुणवत्ता पर सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी परियोजनाओं में अधिकारियों के साथ ठेकेदारों की जवाबदेही भी तय होगी।

समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें बिना किसी बाहरी दबाव के काम करने का अवसर दिया जाता है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करें। काम अधूरा छोड़ने या गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।