Home / हिमाचल / हिमाचल सरकार के 4 साल का जश्न हमीरपुर के बड़ू में मनाने की तैयारी,CM सुक्खू का ऐलान

हिमाचल सरकार के 4 साल का जश्न हमीरपुर के बड़ू में मनाने की तैयारी,CM सुक्खू का ऐलान

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नादौन दौरे के दौरान सेरा रेस्ट हाउस में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मझियार में इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे अधिकतर लोगों की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सरकार की आगामी योजनाओं और प्रदेश के आर्थिक हालात पर भी बात की।

प्रदेश में आएंगी 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार बनने के बाद से ही खर्च कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं, क्योंकि डीजल पर काफी पैसा खर्च होता है। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले समय में प्रदेश में 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें लाई जाएंगी। इससे परिवहन व्यवस्था को पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।

बड़ू मैदान में मनाया जा सकता है सरकार के 4 साल का जश्न

सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। पहले सुजानपुर में कार्यक्रम करने की घोषणा की गई थी, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं से मिली रिपोर्ट के बाद अब इसे जिला मुख्यालय के आसपास आयोजित करने की योजना है। इसके लिए हमीरपुर के बड़ू मैदान पर भी विचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कर्मचारियों को पेंशन दी जा रही है।

विधानसभा सत्र को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

शीतकालीन विधानसभा सत्र में भाजपा के काम रोको प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा दिशाहीन हो गई है और पांच गुटों में बंटी हुई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, विपक्ष ने चार दिन तक विधानसभा का समय बर्बाद किया और अंतिम दिनों में वाकआउट कर दिया।

4000 करोड़ रुपए बढ़ाई प्रदेश की आय

राज्य कोष में घाटे को लेकर मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि प्रदेश को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि सरकार ने स्थिति में सुधार किया है। तीन बजट सत्रों के आकलन के आधार पर प्रदेश की आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार ने अपने संसाधनों के जरिए करीब 4000 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय जुटाई है।