Home / राज्य / सीएम मान के बयान पर विक्रमजीत साहनी ने किया पलटवार

सीएम मान के बयान पर विक्रमजीत साहनी ने किया पलटवार

Spread the love

पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा कुछ राज्यसभा सांसदों को ‘गद्दार’ कहे जाने के बाद सियासी तापमान बढ़ गया है। इस बीच भाजपा में शामिल हुए सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने इन आरोपों पर कड़ा जवाब देते हुए खुद को पंजाब और पंजाबियों का सच्चा सेवक बताया है।

शनिवार (25 अप्रैल) को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन नेताओं पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘गद्दार’ करार दिया, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विक्रमजीत सिंह साहनी ने साफ कहा कि उन्होंने कभी पंजाब या पंजाबियों के साथ गद्दारी नहीं की। उन्होंने कहा, “हम पहले भी तन, मन और धन से सेवा कर रहे थे और अब उससे दस गुना अधिक सेवा करेंगे।”साहनी ने युवाओं के मुद्दे को उठाते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी युवा को बेरोजगार नहीं रहने दिया जाएगा और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

साहनी ने बताया कि कौशल विकास और रोजगार बढ़ाने के लिए उन्होंने कई केंद्रीय नेताओं से बातचीत की है। उन्होंने कहा कि स्किलिंग के लिए जयंत चौधरी ने हर संभव आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है। वहीं, कृषि और किसानों के मुद्दों पर शिवराज सिंह चौहान से चर्चा हुई है।उन्होंने यह भी कहा कि माल-भाड़ा सब्सिडी के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से बातचीत की गई है, ताकि पंजाब के उद्योग और किसानों को राहत मिल सके।

साहनी ने दोहराया कि वह पंजाब और उसके लोगों के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने कहा, “गद्दारी नहीं, पंजाब के लिए जान भी हाजिर है। हम पूरी निष्ठा से सेवा करेंगे।” सीएम भगवंत मान के बयान पर उन्होंने संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री हैं और कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन अंततः समझदारी की जीत होगी और सभी मिलकर काम करेंगे।साहनी ने कहा कि पंजाब के लोग बेहद समझदार हैं और 2027 में वे अपना फैसला खुद करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह मुख्यमंत्री के बयान से सहमत नहीं हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी करने से बचेंगे।

Tagged: