Home / राज्य / 9 महीने में 1 करोड़ से ज्यादा बेटियों को मिला सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच,PM मोदी ने की बड़ी उपलब्धि की सराहना

9 महीने में 1 करोड़ से ज्यादा बेटियों को मिला सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षा कवच,PM मोदी ने की बड़ी उपलब्धि की सराहना

Spread the love

भारत ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से फरवरी 2026 में शुरू किए गए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 1 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी हैं। खास बात यह है कि यह आंकड़ा अभियान शुरू होने के 9 महीने से भी कम समय में हासिल किया गया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताते हुए अभियान से जुड़े सभी लोगों की सराहना की है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह देश में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पड़ाव है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन की हर खुराक बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने और उनके बेहतर भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक कदम है। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और इस अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

14 साल की किशोरियों को मुफ्त लगाई जा रही वैक्सीन

राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 साल की किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त वैक्सीन दी जा रही है। यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक है और इसके लिए माता-पिता की सहमति जरूरी है। अभियान में सिंगल-डोज एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है, ताकि कम समय में ज्यादा से ज्यादा बेटियों तक यह सुविधा पहुंचाई जा सके। सरकार ने इस अभियान के तहत हर साल करीब 1.2 करोड़ किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। अब तक 1 करोड़ से ज्यादा खुराक दिए जाने के साथ इस लक्ष्य का लगभग 87 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है।

6 राज्यों ने हासिल किया 100 फीसदी कवरेज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने 21 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस उपलब्धि की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि अभियान शुरू होने के नौ महीने से भी कम समय में 1 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी हैं। उन्होंने गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार को 100 प्रतिशत कवरेज हासिल करने पर बधाई दी। इसके अलावा 12 राज्यों ने टीकाकरण के मामले में 80 प्रतिशत से ज्यादा लक्ष्य पूरा कर लिया है।

स्वास्थ्यकर्मियों और अभिभावकों के प्रयासों से मिली सफलता

स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने इस उपलब्धि का श्रेय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और यू-विन प्लेटफॉर्म के जरिए पात्र किशोरियों तक मुफ्त एचपीवी वैक्सीन पहुंचाई जा रही है। सरकार का यह अभियान किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के साथ देश में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है। एक करोड़ से ज्यादा खुराक का आंकड़ा पार होना इस बात का संकेत है कि देशभर में इस अभियान को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।